जौनपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में दो महिलाओं की मौत

जौनपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में दो महिलाओं की मौत


जिले के अलग अलग थाना क्षेत्र में दो महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मड़ियाहूं में गुरुवार को एक महिला की झुलसकर जिला अस्पताल में मौत हुई है। जबकि सरपतहा में महिला की लाश फांसी के फंदे पर लटकते हुए मिली। दोनों के मायके वालों ने हत्या किए जाने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। जिला अस्पताल वाले मामले में जब महिला की मौत हुई और मौके पर पुलिस पहुंची तो ससुराल वाले लाश छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों लाश को कब्जे में ले लिया। सरपतहा की घटना में पुलिस ने पति व ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


जानकारी के अनुसार जलालपुर थाना क्षेत्र के छातीडीह गांव निवासी रामचंद्र मौर्य अपनी बेटी रजनी की शादी चार साल पहले मडि़याहूं के डिहुरा गांव में नागेंद्र के साथ की थी। रजनी नि:संतान थी। मायकेवालों का कहना था कि ससुरालवाले कभी रजनी से मायके में बातचीत नहीं करने देते थे। परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार की भोर में रजनी की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गयी। भोर में ससुराल पक्ष के लोग जिला अस्पताल ले आए। जिससे रजनी की मौत हो गयी। मायके वालों को ससुराल पक्ष के लोगों ने सूचना नहीं दिया। किसी तरह से सूचना पाकर मायके वाले पहुंच गए। रजनी की मौत होते ही ससुराल पक्ष के लोग जिला अस्पताल से गायब हो गए। सूचना पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश कब्जे में ले लिया। मायके वालों ने आरोप लगाया कि जलाकर मारा गया है।


हिंस सुइथाकला के अनुसार सरपतहा थाना क्षेत्र के गांव निवासी 23 वर्षीय सरिता पत्नी महंतू खाना खाने के बाद कमरे में बुधवार की रात चली गयी। गुरूवार को सुबह जब दरवाजा नही खुला तो परिवार के लोग घबरा गए। और दरवाजा पीटने लगे। इसके बाद भी अंदर से कोई आवाज नहीं आयी। परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में घुसते ही लोगों ने देखा कि फांसी के फंदे से सरिता की लाश लटक रही थी। पल भर में गांव के काफी लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मायके वालों को सूचना दिया। मायके से परिजन पहुंच गए। बेटी की लाश को देख आरोप लगाया कि दहेज के लिए हत्या की गयी है। पुलिस ने मौके से लाश को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता के तहरीर पर पति व ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पति ने बताया कि फर्जी ढंग से सरिता के मायके वाले फंसा रहे है। थाना प्रभारी विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाई की जाएगी। एसओ ने बताया कि सरिता की शादी पांच साल पहले हुई थी। मायका जनपद सुल्तानपुर के थाना मोतिगरपुर के खैरहा गांव में है।